सरायपाली:सिरपुर में 25 अक्टूबर को जुटेगा मगधा यादव समाज, छत्तीसगढ़-ओडिशा के पदाधिकारी होंगे शामिल

सरायपाली। मगधा यादव समाज छत्तीसगढ़, विकासखंड सरायपाली द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी नुआखाई मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन 25 अक्टूबर 2026, रविवार को आदर्श गोठान, सिरपुर में किया जाएगा। समारोह में छत्तीसगढ़ के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा के झारबंद, पाईकमाल, पदमपुर एवं सोहेला ब्लॉकों के सामाजिक पदाधिकारी भी शामिल होंगे।
समारोह का मुख्य उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, वरिष्ठजनों का सम्मान करना तथा सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव को मजबूत बनाना है। इस अवसर पर सत्र 2025-26 में कक्षा दसवीं एवं बारहवीं की परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही वरिष्ठ सामाजिक बंधुओं तथा व्यापार, कृषि, दुग्ध व्यवसाय, गायन (गाहाक) और वादन (बाहक) के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों का भी सम्मान किया जाएगा।
समाज के पदाधिकारियों ने परिक्षेत्र छुईपाली, पोड़ागढ़ एवं देवलभाटा के सामाजिक सचिवों से प्रतिभावान विद्यार्थियों की सूची और अंकसूची की छायाप्रति निर्धारित समय-सीमा में ब्लॉक सचिव के पास जमा करने की अपील की है। साथ ही, प्रत्येक क्षेत्र से विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों का चयन कर उनकी जानकारी निर्धारित प्रपत्र में उपलब्ध कराने को कहा गया है।
समारोह को आकर्षक एवं यादगार बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। इसके लिए सभी परिक्षेत्रों के छात्र-छात्राओं एवं अन्य प्रतिभागियों को प्रोत्साहित कर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
पीले परिधान में शामिल होने की अपील
मगधा यादव समाज के पदाधिकारियों ने समस्त स्वजातीय बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में समारोह में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है। कार्यक्रम में पुरुषों से पीले रंग का पायजामा-कुर्ता तथा महिलाओं से पीली साड़ी या पीले रंग का सूट पहनकर आने का आग्रह किया गया है।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि नुआखाई मिलन समारोह सामाजिक परंपराओं को संजोने, नई पीढ़ी को समाज की संस्कृति से जोड़ने तथा प्रतिभाओं और समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।































