शत प्रतिशत मतदान करने व दिव्यांगों को प्रोत्साहित करने न्यायालय परिसर में न्यायाधीश ने दिलाई शपथ

काकाखबरीलाल,पिथौरा। आसन्न चुनाव को मद्देनजर स्थानीय न्यायालय परिसर में पिथौरा न्यायालय के न्यायाधीश पंकज दीक्षित ने चुनाव में शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने हेतु न्यायालय में उपस्थित पक्षकारों, वकीलो व न्यायालयिन कर्मचरियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि प्रजातंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता का नैतिक दायित्व है कि वो मतदान जरूर करे। प्रत्येक मतदाता न केवल स्वयं मतदान करें, बल्कि अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। एक जनवरी 2018 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके प्रत्येक नागरिक को अपना नाम मतदाता सूची में जरूर जुड़वाना चाहिये।

मतदाताओं के द्वारा स्वयं मतदान करने एवं अपने परिवार के सभी सदस्यों को भय एवं लोभ मुक्त होकर मतदान हेतु प्रेरित करने की शपथ भी ली गई । यह भी शपथ ली गई कि दिव्यांग मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया में भाग लेने हेतु प्रेरित एवं सहयोग करेंगे। प्रजातांत्रिक व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की भी शपथ ली। तथा प्रारूप का वाचन कराया गया किहम, भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचन में अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।


























