अप्रैल में हो सकती है पटवारी परीक्षा तीन सौ पटवारियों की भर्ती के लिए अगले माह व्यापमं लेगा परीक्षा

राज्य में 300 पटवारियों की भर्ती की जाएगी। इसके लिए व्यावसायिक परीक्षा मंडल को प्रस्ताव भेज दिया गया है। 10 मार्च से पहले आवेदन मंगाए जा सकते हैं। इसी तरह सिविल इंजीनियर के 400 पदों पर भी भर्ती की तैयारी है। इसके लिए भी व्यापमं के माध्यम से ही परीक्षा ली जाएगी। इन पदों के लिए आवेदन की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।
शिक्षाविदों का कहना है कि पटवारी के लिए शैक्षणिक योग्यता कम रहती है। इसलिए आवेदन करने वालों की संख्या अधिक रहती है। पटवारी भर्ती कितने पदों के लिए होगी? शैक्षणिक योग्यता क्या तय की गई है? परीक्षा का पैटर्न क्या होगा? अन्य जानकारियां व्यापमं को भेजी जा चुकी है। जानकारों का कहना है कि 10 मार्च से पहले आवेदन मंगाए जा सकते हैं।
पटवारी की भर्ती परीक्षा अप्रैल में आयोजित की जा सकती है। सिविल इंजीनियरों की भर्ती के लिए कुछ महीने पहले व्यापमं को प्रस्ताव मिले थे, लेकिन इसमें तकनीकी खामियों की वजह से अब तक आवेदन नहीं मंगाए गए हैं। अफसरों का कहना है कि संबंधित विभाग से सिविल इंजीनियर भर्ती के लिए जानकारी मांगी गई है। सब कुछ ठीक रहा तो सिविल इंजीनियर भर्ती के लिए भी इसी महीने ही आवेदन मंगाए जा सकते हैं। इसकी तरह डॉटा एंट्री ऑपरेटर समेत कई अन्य पदों पर भर्ती के लिए भी विभिन्न विभागों से प्रस्ताव मिले हैं। उन पदों के लिए भी जल्द आवेदन मंगाए जाएंगे।
इंजीनियरिंग, कृषि सहित अन्य प्रवेश परीक्षाओं के लिए कैलेंडर इसी माह
राज्य के इंजीनियरिंग कॉलेज, कृषि कॉलेज समेत राज्य अन्य शिक्षण संस्थानों के लिए हर साल व्यापमं से प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाती है। नए शिक्षा सत्र यानी 2022-23 के तहत भी प्रवेश परीक्षाएं होंगी। इसके लिए इस महीने ही व्यापमं से कैलेंडर जारी होंगे।
इसमें बताया जाएगा कि प्री इंजीनियरिंग टेस्ट, प्री एग्रीकल्चर टेस्ट, प्री-बीएड, डीएलएड समेत अन्य की प्रवेश परीक्षाएं कब होगी। इसके लिए आवेदन कब से मंगाए जाएंगे। अफसरों का कहना है कि प्रवेश परीक्षाओं को लेकर संबंधित संस्थानों से जानकारी मांगी गई है। इसके अनुसार ही परीक्षाएं होगी।
डाटा एंट्री ऑपरेशन, सहायक ग्रेड-3 के मॉडल आंसर पर दावा-आपत्ति 5 तक
डाटा एंट्री ऑपरेटर, सहायक ग्रेड-3 भर्ती के लिए 6 फरवरी को व्यापमं से परीक्षा आयोजित की गई थी। इसके मॉडल आंसर जारी कर दिए गए हैं। इस पर दावा-अापत्ति 5 मार्च की शाम 5 बजे तक किए जा सकते हैं। डाटा एंट्री ऑपरेटर व सहायक ग्रेड-3 के लिए रायपुर समेत पांच संभागीय मुख्यालयों में 32 सेंटरों में परीक्षा हुई थी।
इसमें से 5170 ने परीक्षा दी। मॉडल आंसर जारी होने के बाद संभावना है कि भर्ती परीक्षा के नतीजे जारी हो सकते हैं। इसी तरह व्यापमं से पिछले महीने फूड इंस्पेक्टर की भर्ती परीक्षा आयोजित की गई। इस परीक्षा में 1.77 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए। इसके मॉडल आंसर भी 15 मार्च से पहले जारी होने की संभावना है।
टीईटी के नतीजे इस माह, जनवरी में हुई थी परीक्षा, 2 लाख से ज्यादा हुए थे शामिल
शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी टीईटी के नतीजे इस महीने आने की संभावना है। जनवरी में यह परीक्षा हुई थी। प्राइमरी स्कूलों की टीईटी में परीक्षाथियों की संख्या 111682 थी। जबकि मिडिल स्कूलों की टीईटी में 96177 ने परीक्षा दी। पिछले दिनों इसके मॉडल अंसार जारी किए गए थे। इस पर दावा-आपत्ति के लिए आवेदन 3 मार्च की शाम 5 बजे तक किए जा सकते है।
गौरतलब है कि टीईटी 2020 में होने वाली थी। इसके लिए आवदेन भी मंगाए गए थे, लेकिन कोरोना के कारण वर्ष 2020 और 2021 में परीक्षा नहीं हुई। इसके बाद जब संक्रमण की स्थिति में सुधार हुआ, तब परीक्षा का आयोजन किया गया। अभ्यर्थियों को नतीजों का बेसब्री से इंतजार है।


























