महासुमंद

महासमुंद : प्रेम प्रसंग बनी हत्या की वजह आरोपी धरे गए

महासमुंद (काकाखबरीलाल). लगभग चार माह पूर्व अमलोर जंगल में सड़ी गली लाश मिलने के मामले में पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी उसके प्रेमी और उसके अन्य दो साथियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उक्त आरोपियों के खिलाफ धारा 302, 120 बी, 201 और 34 के तहत कार्रवाई की।
मामले का खुलासा करते हुए एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक रविशंकर की पत्नी विद्या कमलवंशी (29) का विवाह के बाद से विवाद चल रहा था। और उसका बलौदाबाजार के गिरौदपुरी निवासी विक्रम साहू (28) के साथ आईटीआई के दौरान प्रेम संबंध था। 9 माह पूर्व विक्रम से उसकी पुन: बातचीत शुरु हुई। इस दौरान विद्या ने पति द्वारा मारपीट करने से परेशान होकर अलग होने की बात विक्रम को बताते हुए उससे विवाह करने की इच्छा जताई। विद्या को तलाक लेने पर संपत्ति तथा बच्चों से अलग होने का डर था इसलिए उसने पति को ही रास्ते से हटाने के लिए प्रेमी विक्रम के साथ योजना बनाई। योजना के तहत विक्रम ने अपनी दूसरी प्रेमिका परमेश्वरी (परी) देवांगन (22) को रविशंकर से सोशल मीडिया के माध्यम से प्रेम संबंध बनाकर निर्धारित तिथि को घटनास्थल लाने को कहा। बीते 7 सितंबर को परी ने रविशंकर से बात कर मिलने के लिए बुलाया। योजना की जानकारी उसने विक्रम को दी। विक्रम ने रवि की हत्या के लिए अपने साथी भास्कर (24) को बताया और योजना में शामिल किया।
*जानिए.. क्या हुआ हादसे के दिन*
योजना के तहत 7 सितंबर को विक्रम प्रेमिका परी और अपने साथ भास्कर के साथ बाइक और स्कूटी से कुहरी मोड़ पहुंचे। रवि से परी की मुलाकात के पूर्व ही विक्रम ने परी को घटनास्थल दिखाते हुए रवि को उक्त स्थान पर लाने के लिए कहा और उसे वापस कुहरी मोड़ के पास छोड़ दिया। विक्रम अपनी बाइक और भास्कर परी की स्कूटी से कुहरी मोड़ से कुछ दूर आगे खड़े होकर रवि के साथ परी के आने की प्रतीक्षा करने लगे। रवि और परी को स्कूटी क्रमांक सीजी 22 टी 2686 से जाते हुए देख वे उनसे पूर्व घटना स्थल पहुंचकर पहाड़ी के नीचे छिप गए। योजना के तहत परी रवि को लेकर अमलोर जंगल में पहुंचा और दोनों वहीं बैठकर बातचीत करने लगे। योजना के तहत परी रवि को शारीरिक संबंध बनाने के लिए तैयार कर रही थी। इसी दौरान विक्रम ने रवि के सिर पर डंडे से वार कर घायल कर दिया। साथी भास्कर ने समीप रखे पत्थर से उस पर हमला कर उसे मार डाला और हत्या में प्रयुक्त डंडे को खाई में और पत्थर को वहीं छोड़कर वहां से तीनों अपने घरों के लिए निकल गए।
*पत्नी के शव तक पहुंचने और लाश में चोट के निशान से हुआ संदेह*
पत्नी ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। बाद अगले ही दिन पति की तलाश करते हुए घटना स्थल पहुंच गई। जहां सड़ी-गली लाश और समीप खड़ी स्कूटी को देखा। कपड़े और जूते के आधार पर उसने और मृतक के पिता ने शव की शिनाख्ती रविशंकर के रुप में की। पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया कि रवि रायपुर जाने के लिए बोलकर घर से निकला था। पर वह उसे तलाश करते हुए अमलोर जंगल पहुंच गई। पुलिस को उसके जवाब और शव में मिले चोट के निशान से शक हुआ। पुलिस ने उनसे पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ।
*चार माह पूर्व गायब हुआ था मृतक*
बता दें कि ग्राम बिलारी थाना कसडोल बलौदाबाजार निवासी कवलसिंग कंवर ने सिरपुर चौकी में पुलिस को बताया कि उनका लड़का रविशंकर कमलवंशी (30) सितंबर को पत्नी श्रीमती विद्या कमलवंशी को रायपुर जा रहा हूं कहकर घर से निकला था जो रात तक घर नहीं लौटा। शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। किसी घटना की आशंका के तहत पुलिस ने झरना, जंगल में तलाशी शुरू की इसी दौरान ग्राम अमलोर के जंगल में रविशंकर की नीली रंग की स्कूटी क्रमांक सीजी 22 टी 2686 और कुछ दूर रविशंकर की सड़ी-गली लाश मिली। पीएम रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि रवि की मृत्यु सिर पर चोट लगने से हुई है। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ धारा 302 के जुर्म दर्ज कर जांच में लिया।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!