सरायपाली : पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीण

ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के दावे तो किए जा रहे हैं, लेकिन हकीकत देखने पर आज भी अधिकांश गांवों की स्थिति बदतर है। मूलभूत सुविधाओं के अभाव में ग्रामीण परेशानियों का सामना कर रहे हैं। ग्राम पंचायत खैरझिटकी के आश्रित ग्राम सिंगारपुर के ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भी भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। यहां लगभग 500 की जनसंख्या वाले ग्राम में एक बोर के सहारे लोग अपनी प्यास बुझा रहे हैं और उसमें से भी पानी धीरे-धीरे निकलता है। सिंगारपुर के ग्रामीण अभीचरण भोई, अंतर्यामी, योगेश भोई, नरोत्तम भोई आदि ने बताया कि यहां करीब पांच सौ की आबादी के बीच चार हैंडपंप या 3-4 बोरवेल्स की जरूरत है, लेकिन एक मात्र बोर और एक हेण्डपंप लगा होने से लोगों को पीने के पानी के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती हैं। वहीं एक बोर खराब पड़ा है। जो एक बोर है, उसमें आधे एचपी का मोटर लगा है, जिसके कारण पानी की धार कम निकलती है। इससे पूरा समय पानी भरने में ही निकल जाता है। साथ ही पानी के लिए विवाद की स्थिति भी निर्मित हो जाती है। वहीं ग्राम खैरझिटकी में भी पानी के लिए समस्या होती है। यहां पर घर-घर नल जल कनेक्शन लगा दिया गया है, जिसमें बोर के माध्यम से पानी सप्लाई हो रही है, परंतु नल कनेक्शन में पानी कम आता है। ग्राम में ठेकेदार के द्वारा टंकी निर्माण किया जा रहा है, लेकिन कई महीनों से काम बंद है। इसके कारण गांव में पानी का सुचारू रूप से संचालन नहीं हो पा रहा है।उबड़ खाबड़ रोड से आना जाना करते हैं ग्रामीण 500 की आबादी वाले सिंगारपुर गांव में जर्जर सड़क से होकर जाना पड़ता है। गांव की गलियों के रास्ते कच्चे और उबड़-खाबड़ होने से गंदा पानी भरा रहता है। मोहल्ले के अंदर 10 वर्ष पूर्व सीसी रोड का निर्माण हुआ था जो अब जर्जर हो चुका है। उबड़-खाबड़ होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। नल जल कनेक्शन का काम बरसात के बाद प्रारंभ होगा-सरपंच इस संबंध में ग्राम के सरपंच श्रीमती अनुछाया साहू ने बताया कि सिंगारपुर गांव में पानी की समस्या है परंतु समस्या को ध्यान में रखते हुए उस गांव में नल जल कनेक्शन के लिए सर्वे हो चुका है। कार्य स्वीकृत भी हो चुका है। पानी टंकी के लिए जगह चिन्हांकित किया गया है। बरसात माह के बाद यहां पानी की समस्या से निजात मिल जाएगी। वहीं सीसी रोड के लिए प्रस्ताव भेज दिया गया है, स्वीकृति मिलते ही उसका भी काम प्रारंभ कर दिया जाएगा। ग्राम खैरझिटकी में टंकी निर्माण का काम बाहर के ठेकेदार द्वारा किया जा रहा है, इसका काम पंचायत से नहीं हो रहा है। लेकिन पानी का संचालन ग्राम में सुचारू रूप से चल रहा है।


























