महांसमुद: प्रेमी जोड़े ने ट्रेन से कटकर जान देने की कोशिश की

आज सुबह महासमुंद के प्रेमी जोड़े ने ट्रेन से कटकर जान देने की कोशिश की, लेकिन बच गए। दोनों को गंभीर अवस्था में दलदली क्रॉसिंग से आगे पटरी से उठाकर जिला अस्पताल भेजा गया। दोनों की हालत काफी नाजुक है।
बताया जाता है कि दोनों बीती रात 12 बजे अपने-अपने घर से निकले थे, फिर पता नहीं ऐसा क्या हुआ कि दोनों ने आत्महत्या की सोच ली।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक आज सुबह 6 बजे जेल पारा महासमुंद निवासी 21 वर्षीय युवती और 24 वर्ष के युवक की दलदली पटरी पर पड़े होने की सूचना मिली।
रेल्वे पुलिस के साथ कोतवाली पुलिस मौके पर दलदली और अरंड के बीच घटनास्थल पटरी पर पहुंची, वहां दोनों कराहते मिले। दोनों को गंभीर अवस्था में तत्काल जिला अस्पताल महासमुंद लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रायपुर भेज दिया गया। दोपहर एक बजे समाचार लिखते तक युवती को रायपुर भेजा गया है, वहीं युवक जिला अस्पताल में बेहद गंभीर हालत में है।
पुलिस के मुताबिक घायल युवक स्थानीय मछली बाजार में अपने भाई के साथ मछली दुकान में काम करता था। उसका युवती के साथ प्रेम प्रसंग था। कल रात बारह बजे दोनों अपने-अपने घर से निकले थे। दोनों के परिजनों ने उनकी तलाश की थी, लेकिन वे कहीं नहीं मिले।
आज सुबह दोनों के परिजन कोतवाली में गुम इंसान दर्ज कराने वाले थे। इससे पहले दोनों के घरों में उनके गंभीर अवस्था में मिलने की खबर मिली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
























