गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से कलेक्टर के हाथों सम्मानित हुए भंवरपुर के व्याख्याता

बसना@काका खबरीलाल। कोरोना महामारी के चुनौती काल में भी स्कूल बंद के दौरान राज्य स्तरीय योजना के तहत पढ़ई तुंहर दुआर 2.0 में छात्रों की पढ़ाई जारी रखने के लिये हर तरह से संभव प्रयास किये है। इस उल्लेखनीय कार्य करने के लिये शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भंवरपुर के व्याख्याता एवं रासेयो कार्यक्रम अधिकारी एनके दीवान को गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया. कलेक्ट्रेट परिसर महासमुंद में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर निलेश कुमार महादेवा खीरसागर, अतिरिक्त कलेक्टर नेहा कपूर ने शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए जिला परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा महासमुंद की ओर से प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह, शॉल, पेन भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय, जिला समग्र शिक्षा समन्वयक अशोक कुमार शर्मा भी उपस्थित थे । उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से मिलने पर उत्साहित व्याख्याता एनके दीवान ने कहा कि जब मेहनत को सम्मान मिलता है तो काम करने की ललक बढ़ती है। मेरे लिये यह सम्मान निश्चित तौर पर मुझे आगे और उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी। व्याख्याता एवं रासेयो कार्यक्रम अधिकारी एनके दीवान को सम्मानित होने पर विद्यालय के प्राचार्य जेपीएस नेताम सहित समस्त शिक्षक स्टाफ, उनके शुभचिंतक एवं परिजनों सहित रासेयो परिवार द्वारा हर्ष व्यक्त किया है।
























