राजधानी रायपुर में अभ्यास करने वाली मालविका ने भारत की स्टार खिलाड़ी साइना नेहवाल को दी शिकस्त

इंडिया ओपन चैंपियनशिप के महिला एकल में भारत की स्टार खिलाड़ी साइना नेहवाल को हराकर सनसनी फैलाने वाली नागपुर की मालविका बंसोड़ पिछले पांच सालों से रायपुर में प्रैक्टिस कर रही हैं। 20वर्षीय मालविका ने 31वर्षीय साइना नेहवाल के खिलाफ लंबी-लंबी रैलियां खेलकर उसे शिकस्त देने में कामयाब रही। मालविका ने साइना नेहवाल को 31 मिनट में 21-17, 21-9 से हराकर बाहर कर दिया। मालविका पहले रायपुर के पुलिस लाइन स्थित बैडमिंटन हॉल में छत्तीसगढ़ के अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक संजय मिश्रा से प्रशिक्षण हासिल कर रही थीं। अब उसने नवा रायपुर में स्थित आईटीएम विश्वविद्यालय में अक्टूबर माह से शुरू हुए गोपीचंद बैडमिंटन अकादमी में प्रवेश ले लिया है, जहां के मुख्य प्रशिक्षण संजय मिश्रा ही हैं और उनसे प्रशिक्षण हासिल कर रही हैं।साइना नेहवाल काफी समय से फिटनेस की समस्या से जूझ रही हैं, जिसका मालविका ने पूरा फायदा उठाया। उसके साथ टूर्नामेट में गए प्रशिक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि मुकाबले से पहले उन्होंंने मालविका को साइना के खिलाफ लंबी रैलियां खेलने की सलाह दी थी, जिससे वह उसे थकाकर मुकाबला जीत सके। मेरी सलाह मानी, मालविका ने साइना को लंबी-लंबी रैलियां खिलाकर पहले थकाया और फिर उसे हराकर उलटफेर करने में कामयाब रही।छत्तीसगढ़ की युवा महिला खिलाड़ी आकर्षि कश्यप ने इंडिया ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के महिला एकल में गुरुवार को दूसरी जीत हासिलकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली, जहां अब आकर्षि का सामना साइना नेहवाल को दूसरे दौर में हराकर उलटफेर करने वाली हमवतन मालविका बंसोड से होगा। मिश्रित युगल के दूसरे दौर में हार के बाद प्रदेश की दीक्षा चौधरी व आयुष मखीजा की जोड़ी का सफर खत्म हो गया। नई दिल्ली में खेली जा रही इस स्पर्धा में गुरुवार को आकर्षि कश्यप ने महिला एकल दूसरे दौर में भारत की ही कायरा मोपाती को मात्र 23 मिनट में 21-10, 21-10 से हराकर अंतिम आठ में जगह बना ली। मिश्रित युगल दूसरे दौर में दीक्षा चौधरी व आयुष मखीजा को रूस की दूसरी वरीयता प्राप्त रोडियन अलीमोव व अलिना डेवलतोवा की जोड़ी ने 06-21, 07-21 से हराकर बाहर कर दिया।
दिग्गज खिलाड़ी पीवी सिंधू ने इरा शर्मा को सिर्फ 30 मिनट में 21-10, 21-10 से हरा दिया। इस जीत से उन्होंने अंतिम-8 में जगह बना ली है। अब सिंधु का मुकाबला हमवतन अस्मिता से होगा।
महिला युगल: दीक्षा-यशिका आगे बढ़ीं
महिला युगल दूसरे दौर में दीक्षा चौधरी अपने जोड़ीदार के साथ क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। महिला युगल दूसरे दौर में दीक्षा व यशिका जाखर की जोड़ी भारत की सिमरन व रितिका के खिलाफ वॉकओवर मिलने से अंतिम आठ में जगह बना ली, जहां उनकी भिड़ंत थाईलैंड की जोड़ी से होगा। पुरुष युगल दूसरे दौर में प्रदेश के ईशान भटनागर और साई प्रतीक की जोड़ी भारत के ही छठी वरीयता प्राप्त एमआर अर्जुन व धु्रव कपिला के खिलाफ वॉकओवर मिलने से क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली, जहां उनका मुकाबला शुक्रवार को मलेशिया की जोड़ी से होगा।



























