छत्तीसगढ़

अपने ही भाई के घर भोजन करना बुजुर्ग को पड़ा महंगा … पुत्रों ने पिता व चाचा को धारदार हथियार से किया वार

उरगा थाना अंतर्गत ग्राम अखरापाली में कलियुगी पुत्रों ने अपने पिता एवं चाचा के उपर कल देर शाम टंगिया एवं डंडे से एकराय होकर प्राणघातक हमला करते हुए उन्हें लहूलुहान कर दिया। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार उरगा थानांतर्गत हृदय कुमार भारद्वाज उम्र 51 तथा उमेश कुमार भारद्वाज उम्र 41 दोनों पिता रामप्रसाद भारद्वाज अपने गांव अखरापाली में आपसी बंटवारे के बाद अलग-अलग रहते हैं।

इसके बावजूद भी दोनों भाईयों में भातृत्व व्यवहार होने के कारण हृदय भारद्वाज अपने भाई उमेश घर भी तीज-त्योहार के मौकों पर या ऐसे भी खाना खा लिया करता था। जबकि यह बात हृदय कुमार के पुत्र दीपक भारद्वाज उम्र 25 एवं सुभाष भारद्वाज उम्र 23 को अच्छी नहीं लगती थी। जिसका वे दोनों प्रतिकार करते हुए अपने पिता को धमकाते भी रहते थे।

बताया जाता है कि कल देर शाम 7.30 बजे के लगभग हृदय कुमार भारद्वाज अपने छोटे भाई उमेश कुमार भारद्वाज के पास स्थित घर गया था। वहां उसे कुछ खाने के लिए उसके भाई के बच्चों ने जैसे ही दिया वैसे ही उसके दोनों पुत्र दीपक और सुभाष यह देखकर आगबबुला हो गये।

यहां तक कि दोनों ने आव देखा ना ताव, एक ने टंगिया के साथ दूसरे ने डंडा निकालकर अपने पिता एवं चाचा पर प्राणघातक हमला शुरू कर दिया। किसी तरह से हृदय एवं उमेश कुमार अपनी जान बचाने का प्रयास करने लगे। पड़ोसियों के द्वारा बीच-बचाव किये जाने के कारण दोनों को उस समय बचा तो लिया गया लेकिन तब तक वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

घायलों को इंदिरा गांधी शासकीय जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। अस्पताल चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक रविंद्र जनार्दन ने दोनों का सिर में गंभीर चोट होने के कारण मृत्यु पूर्व कथन दर्ज कर लिया है। मामले की प्रकरण डायरी विवेचना के लिए उरगा थाना पुलिस को घटना स्थल अखरापाली होने के कारण रेफर किया जा रहा है।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!