
रायपुर(काकाखबरीलाल)। छह शासकीय कृषि कॉलेजों में सहायक प्राध्यापकों की भर्ती की प्रक्रिया लॉकडाउन की वजह से अधर में लटक गई है। विवि के सूत्रों के अनुसार अगस्त के प्रथम सप्ताह में परिणाम जारी होना था, लेकिन लॉकडाउन व रजिस्ट्रार को लेकर उठे विवाद के चलते पूरी प्रक्रिया रुक गई। विवि में नया सत्र अगस्त से शुरू होना है। नए कृषि कॉलेजों में इसी वर्ष से दाखिला होगा। इसलिए जरूरी है कि भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाए।
पूरी भर्ती प्रक्रिया पर शासन निगाह रखना चाहता
सूत्रों के अनुसार पूरी भर्ती प्रक्रिया पर शासन निगाह रखना चाहता है। इसलिए भर्ती पर फैसला लॉकडाउन के बाद ही होगा। सहायक प्राध्यापक के लिए आवेदन कर चुके उम्मीदवार रोजाना विभाग की साइट पर सर्च कर रहे हैं। ज्ञात हो कि कृषि विवि ने कुछ दिन पहले ही भर्ती प्रक्रिया के लिए आए आवेदनों को सूचीबद्ध किया था। अब उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी होनी है। अब रजिस्ट्रार को लेकर उठा विवाद भी खत्म हो गया है। उद्यानिकी विभाग प्रभारी डॉ. प्रभाकर सिंह को विवि में रजिस्ट्रार के पद पर बैठाया गया है।
छह सरकारी कृषि कॉलेजों में 66 पदों पर सहायक प्राध्यापकों की भर्ती की जानी है। इसके लिए नवंबर 2019 में आवेदन मंगाए गए थे। करीब 950 आवेदन मिले हैं। तय मापदंडों के आधार पर आवेदनों की समीक्षा की गई। कई उम्मीदवार अपात्र घोषित हुए।
इन विषयों पर होगी भर्ती
एग्रीकल्चरल एक्सटेंशन, एग्रीकल्चरल इकोनॉमिक्स, स्टेटिस्टिक्स, एग्रोनॉमी, एनटोमोलॉजी, फार्म मशीनरी, जेनेटिक एंड प्लांट ब्रडिंग, फ्रूट साइंस, लाइव स्टॉक, सायल साइंस आदि विषयों के लिए प्राध्यापकों की भर्ती होगी।




























