तेन्दूकोना :इको कार की टक्कर से बुजुर्ग की मौत

तेन्दूकोना। ग्राम नवागांवकला निवासी डोंगर सिंग चक्रधारी की सड़क हादसे में हुई मौत के मामले में पुलिस ने करीब आठ माह बाद कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 1 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे डोंगर सिंग चक्रधारी (60) ग्राम डोंगाझर में आयोजित मरनी कार्यक्रम से साइकिल लेकर पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चुर्रूपाली रोड ग्राम डोंगाझर के पास पीछे से आ रही इको कार क्रमांक CG04QL4324 के चालक जवाहर चक्रधारी ने वाहन को कथित लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में डोंगर सिंग के सिर में गंभीर चोट आई।
परिजनों के अनुसार, घायल डोंगर सिंग का महासमुंद के जैन अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां 17 जनवरी 2026 को उनकी मृत्यु हो गई। मृतक के परिजनों ने बताया कि आरोपी चालक रिश्तेदार होने के कारण उसके पिता द्वारा इलाज का खर्च करीब चार लाख रुपये देने का आश्वासन दिया गया था। इसी वजह से उस समय पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई और शव का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया गया।
बाद में इलाज का खर्च नहीं मिलने पर मृतक की पत्नी मीना बाई चक्रधारी ने पुलिस अधीक्षक महासमुंद को शिकायत आवेदन दिया। जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शी एवं मृतक के परिजनों के बयान लिए गए। जांच में कार चालक जवाहर चक्रधारी के खिलाफ अपराध पाए जाने पर तेन्दूकोना पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।






























