सरायपाली:बानीगिरोला में शिक्षक दिवस पर गुरुजनों का भव्य सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

सरायपाली । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बानीगिरोला में शिक्षक दिवस के अवसर पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था प्रमुख प्राचार्य भोग सिंह भोई एवं वरिष्ठ व्याख्याता अभिमन्यु चौधरी ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना कर किया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों को तिलक लगाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर श्रीफल, लेखनी एवं अंगवस्त्र प्रदान करते हुए आत्मीय सम्मान किया। संस्था प्रमुख ने केक काटकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में समां बांध दिया।
अपने उद्बोधन में प्राचार्य भोग सिंह भोई ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन एवं शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एआई के दौर में भी शिक्षक की महत्ता और प्रासंगिकता कम नहीं हुई है, बल्कि शिक्षक की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
कार्यक्रम के दौरान अराध्या स्टेशनरी एवं शारदा स्टेशनरी, सरायपाली के सौजन्य से कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मोमेंटो एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में अभिमन्यु चौधरी, त्रिलोचन बाघ, डॉ. मुकेश चौधरी, रिंकी उबोवेजा, प्रज्ञा शर्मा, नेहा ओगरे, चेतना निबरगिया, अंकिता साहू, धर्मसागर पटेल, सावित्री बरिहा, यामिनी पटेल, गिरोला पटेल सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन शाला नायक तेजस्विनी पटेल ने किया। समारोह को सफल बनाने में सभी छात्र-छात्राओं की भूमिका सराहनीय रही।




























