महासमुंद:बैंकों को सितंबर तक सीडी रेशियो 60 प्रतिशत करने का लक्ष्य, केसीसी प्रकरण एक माह में निपटाने के निर्देश

महासमुंद। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में जिला परामर्श समिति, जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं जिला स्तरीय आरसेटी सलाहकार समिति की त्रैमासिक बैठक जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में बैंकिंग सेवाओं, शासकीय योजनाओं के तहत ऋण वितरण, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), वित्तीय साक्षरता और स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री लंगेह ने सभी बैंकों को ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) में सुधार करते हुए सितंबर 2026 तक इसे न्यूनतम 60 प्रतिशत तक पहुंचाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड, पशुपालन एवं मत्स्य पालन से संबंधित केसीसी ऋण प्रकरणों का एक माह के भीतर निराकरण करने को कहा। साथ ही सभी ऋण प्रकरणों की स्थिति संबंधित पोर्टल एवं गूगल शीट में वास्तविक समय पर सही टिप्पणी के साथ अपडेट करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम सहित विभिन्न स्वरोजगार एवं शासकीय योजनाओं के ऋण प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने वित्तीय साक्षरता शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर नियमित आयोजन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण एवं आम नागरिकों को डिजिटल बैंकिंग, डिजिटल साक्षरता तथा साइबर एवं डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए।
बैठक में कृषि अवसंरचना निधि एवं अन्य सब्सिडी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। बैंकों को कृषि अवसंरचना निधि के तहत प्राप्त ऋण आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि कृषि अवसंरचना निधि योजना की अवधि 30 सितंबर 2026 तक बढ़ाई गई है।
आरसेटी की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक जागरूकता शिविर आयोजित कर पात्र युवाओं को स्वरोजगार प्रशिक्षण से जोड़ने के निर्देश दिए। इसके लिए संबंधित विभागों एवं मैदानी अमले का सहयोग लेने कहा गया।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री अनुपमा आनंद, आरबीआई रायपुर के प्रतिनिधि श्री सत्येंद्र कुमार राठौर, लीड बैंक अधिकारी श्री प्रकाश मेहर, नाबार्ड जिला प्रबंधक श्री प्रियब्रता साहू, आरसेटी निदेशक श्री टुटु बेहरा सहित विभिन्न बैंकों एवं विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






























