माल वाहक वाहन कर रहे लोगों की जिंदगी से खिलवाड़..

-नंदकिशोर अग्रवाल
काकाखबरीलाल,पिथौरा नगर – शहर में इन दिनों शादी ब्याह का मौसम चल रहा है।जिससे मार्गों पर शादी के सीजन में यात्री बसों के बुक हो जाने से जहाँ गर्मी के सीजन में यात्रियों को आवागमन में कड़ी धूप के साथ साधन का इंतजार करना पड़ रहा है।वहीं शादी के लिए गांव देहात के लोग ज्यादा आदमी बैठने एवम सस्ते वाहनों के लालच में टेक्टर तथा छोटा हाथी जैसे मालवाहको का इस्तेमाल धड़ल्ले से कर रहे हैं। वाहनों में बारातियों को भेड़ बकरियों की तरह भर कर बारात ले जा रहे हैं।जिससे मालवाहकों के स्वामी भी मोटी रकम के लालच में बारातियों की जान की चिंता किये बिना गैर कानूनी काम को अंजाम दे रहे हैं।शादी के सीजन में रोज ऐसे वाहन पिथौरा थाने के सामने से गुजरते हैं।पर आज तक शायद कानून के रखवालों की नजर इन पर नहीं पड़ी है।इसी लिए आज तक किसी भी ऐसे वाहन पर कार्यवाही नहीं हो पाई। ऐसे वाहन बारातियों को बैठा कर नहीं बल्कि भर के बड़ी रफ्तार से गाड़ी दौड़ाते हैं।जिससे किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता।अगर पुलिस ऐसे दो चार वाहनों पर कड़ी कार्यवाही कर दे तो शायद अन्य मालवाहक वाहन मालिकों को सबक मिले।और वे ऐसा दुस्साहस करने से बचें।

























