महासमुंद:सरकारी ट्रांसफार्मर से वाइंडिंग तार चोरी जानिए मामला

महासमुंद। शहर के कुम्हारपारा स्थित गौरा-गौरी चौक के पास अज्ञात चोरों ने विद्युत विभाग के ट्रांसफार्मर को डीपी से गिराकर उसमें लगे वाइंडिंग तार चोरी कर लिए। घटना 22 जुलाई की मध्यरात्रि की बताई जा रही है। चोरी से विद्युत विभाग को करीब 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ और क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के सहायक अभियंता द्वारा सिटी कोतवाली महासमुंद में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, सुबह मोहल्लेवासियों ने बिजली कार्यालय के शिकायत केंद्र को ट्रांसफार्मर गिरने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि ट्रांसफार्मर का वाइंडिंग तार चोरी हो चुका था, जबकि उसका बॉक्स वहीं पड़ा मिला।
विद्युत विभाग ने शिकायत में बताया है कि ट्रांसफार्मर 11 केवी उच्चदाब विद्युत लाइन से जुड़ा रहता है। ऐसे उपकरणों से छेड़छाड़ न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि इससे किसी व्यक्ति या पशु की जान को भी गंभीर खतरा हो सकता है। विभाग ने आशंका जताई है कि इस तरह की घटनाएं जारी रहीं तो बड़ा हादसा हो सकता है।
सहायक अभियंता ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।





























