सरायपाली

सरायपाली:प्रेम विवाह के विवाद में घर में घुसकर हमला, 10 आरोपियों पर एफआईआर

सरायपाली। प्रेम विवाह को लेकर उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सरायपाली थाना क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक परिवार के घर में कथित रूप से घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित अमर सिंह कंधेर ने बताया कि उनके पुत्र प्रहलाद कंधेर ने 7 जुलाई 2026 को रोड़ा निवासी कुसुम दीवान से प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर 22 जुलाई की रात करीब 9:40 बजे भूपेन्द्र दीवान उर्फ सोनू अपने नौ साथियों के साथ दो कारों में सवार होकर उनके घर पहुंचे। सभी ने घर में घुसकर प्रहलाद के बारे में पूछताछ की और उसके नहीं मिलने पर परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और धमकी दी।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने अमर सिंह कंधेर, उनकी बेटी बनिता दास और नाती विशाल दास के साथ मारपीट की। अमर सिंह ने आरोप लगाया कि उनका गला पकड़कर सिर दीवार से टकराया गया, जिससे उन्हें सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं। घटना के दौरान परिवार ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मौजूद लोगों की पहचान की गई।
सरायपाली थाना पुलिस ने इस मामले में भूपेन्द्र दीवान सहित 10 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की मारपीट, घर में अनधिकृत प्रवेश, गाली-गलौज, धमकी तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!