सरायपाली:शादी समारोह से चोरी हुई पल्सर बाइक छह माह बाद बरामद पढ़े पूरी खबर

सरायपाली। शादी समारोह में शामिल होने गए एक किसान की चोरी हुई मोटरसाइकिल आखिरकार बरामद हो गई। बाइक मिलने की सूचना मिलने के बाद पीड़ित ने सरायपाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार वार्ड क्रमांक 14 बस्ती सरायपाली निवासी मुकेश पटेल (29 वर्ष) ने बताया कि वह खेती-किसानी का कार्य करता है। 8 फरवरी 2026 की रात करीब 8 बजे वह अपनी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG06 GQ 9010 से ग्राम बालसी स्थित शुभा नर्सिंग हॉस्टल के पास आयोजित एक शादी समारोह में गया था। उसने बाइक पार्किंग में खड़ी की थी, लेकिन करीब एक घंटे बाद लौटने पर बाइक गायब मिली।
पीड़ित ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन मोटरसाइकिल का कोई सुराग नहीं मिला। उस समय उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई और स्वयं ही वाहन की तलाश करता रहा।
हाल ही में चक्रधर नगर थाना, रायगढ़ से सूचना मिली कि उसकी चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। इसके बाद मुकेश पटेल ने सरायपाली थाने में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
आवेदन के आधार पर सरायपाली पुलिस ने धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब वाहन चोरी में शामिल आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।































