सरायपाली:सपवाडीपा प्राथमिक शाला में विद्यार्थियों को पेन, कॉपी व पहाड़ा पुस्तिका का वितरण

सरायपाली। शासकीय प्राथमिक शाला सपवाडीपा (तिलाईपाली) में विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पेन, कॉपी एवं पहाड़ा पुस्तिका वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बिजातीपाली के सरपंच के ससुर विजय शंकर पटेल, उपसरपंच संतराम पटेल तथा सेवानिवृत्त प्रधान पाठक रामप्रसाद नायक ने विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की।
इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता की मजबूत नींव है। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। साथ ही समाज के सभी लोगों से बच्चों की शिक्षा में सहयोग करने की अपील भी की।
विद्यालय परिवार ने अतिथियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक सहयोग से विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ता है तथा उन्हें बेहतर शिक्षा प्राप्त करने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
शिक्षा विभाग के मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास एवं मनोबल को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
































