बसना:रातों-रात घर से गायब हुई किशोरी, पुलिस ने शुरू की तलाश

बसना। थाना बसना क्षेत्र के ग्राम गढ़पटनी से 16 वर्षीय एक नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण की आशंका में बीएनएस की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम गढ़पटनी निवासी मजदूर पिता ने बताया कि 12 जुलाई 2026 की रात परिवार के सभी सदस्य भोजन कर सो गए थे। रात करीब 12 बजे उनकी पत्नी की नींद खुली तो बेटी कुमारी माधुरी भोई अपने बिस्तर पर नहीं मिली। दोनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
लापता किशोरी की उम्र 16 वर्ष 6 माह 27 दिन बताई गई है। उसका कद लगभग 5 फीट 4 इंच, चेहरा गोल, बाल काले, रंग गोरा तथा शरीर सामान्य है। वह गुलाबी रंग की कुर्ती और काले रंग की लेगिंग पहने हुए थी। उसके कान में सोने के टॉप्स और नाक में सोने की फुल्ली है। किशोरी आठवीं कक्षा तक पढ़ी है तथा हिंदी, छत्तीसगढ़ी और ओड़िया भाषा बोल सकती है।
थाना बसना में गुम इंसान क्रमांक 87/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। नाबालिग के लापता होने के कारण पुलिस ने अपहरण की आशंका के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 137(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। मामले की सूचना जिले की डीसीबी शाखा सहित संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों को भेजकर किशोरी की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किशोरी के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम पुलिस थाना या थाना बसना को सूचित करें।

































