सरायपाली:शिक्षक के जन्मदिन पर विद्यालय में आत्मीयता का अनूठा आयोजन बच्चों के लिए विशेष नेवता भोज का आयोजन

सरायपाली।प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार शासकीय प्राथमिक शाला मोहनमुंडा में सहायक शिक्षक सुशील कुमार नायक के जन्मदिन के अवसर पर नेवता भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल, बीआरसीसी देवानंद नायक एवं संकुल समन्वयक छबिलाल पटेल के मार्गदर्शन में किया गया।
नेवता भोज में विद्यालय के सभी बच्चों को उनकी पसंद के अनुसार पुड़ी-सब्जी, पकौड़ी और चॉकलेट परोसी गई। बच्चों के साथ शिक्षक एवं रसोइयों ने भी सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण कर आत्मीयता और सहभागिता का संदेश दिया।
इस अवसर पर सहायक शिक्षक सुशील कुमार नायक ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यालय, समुदाय, शिक्षक और बच्चों के बीच भावनात्मक जुड़ाव तथा आपसी सहयोग को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं। इससे बच्चों में अपनत्व की भावना विकसित होती है और विद्यालय तथा समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, रसोइया, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, स्वीपर तथा शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
































