सरायपाली : होनहार विद्यार्थियों ने रचा इतिहास, मुख्यमंत्री विद्यार्थी उत्कर्ष योजना में प्रदेश स्तर पर बनाई पहचान

सरायपाली। मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना के अंतर्गत आयोजित चयन परीक्षा में सरायपाली विकासखंड के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर प्रदेश स्तरीय मेरिट में स्थान प्राप्त कर सफलता का नया इतिहास रचा।
शासकीय प्राथमिक शाला दर्राभाठा संकुल बिरकोल, विकासखंड सरायपाली के तीन विद्यार्थियों ने महासमुंद जिले की छह चयनित सीटों में स्थान बनाते हुए क्रमशः चौथा, पांचवां और छठा रैंक हासिल किया। इनमें प्रीति महिलाने ने चौथा, रमित बरिहा ने पांचवां तथा निखिल चौहान ने छठा स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार, रायगढ़ जिले के साथ संयुक्त रूप से आयोजित परीक्षा में शासकीय प्राथमिक शाला पठारीपाली, संकुल सरायपाली के विद्यार्थियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। ठंडाराम बरिहा ने छठा रैंक प्राप्त कर चयन सुनिश्चित किया, जबकि कु. सती बरिहा ने दसवां रैंक हासिल कर प्रतीक्षा सूची में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों, अभिभावकों तथा क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी। शिक्षकों ने कहा कि यह सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास का परिणाम है तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

































