पटेवा:चिरको के पास भीषण सड़क दुर्घटना, तीन लोग घायल

पटेवा। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ग्राम चिरको के पास स्थित न्यू चौधरी राजस्थानी ढाबा के सामने तेज रफ्तार माजदा ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। घायलों को डायल 112 की सहायता से अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बनपचरी निवासी युवक अपने साथी के साथ पटेवा से काम निपटाकर वापस गांव लौट रहे थे। आगे चल रही पल्सर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG06HG2611), जिसे चितरंजन उर्फ जितेन्द्र चला रहा था, पर छन्नू खड़िया और नन्दु ध्रुव सवार थे। शाम करीब 7:30 बजे ग्राम चिरको स्थित न्यू चौधरी राजस्थानी ढाबा के सामने विपरीत दिशा से आ रही माजदा ट्रक (क्रमांक RJ32GC9653) के चालक ने कथित रूप से तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में छन्नू खड़िया के जबड़े सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जबकि चितरंजन उर्फ जितेन्द्र के पेट, सिर और हाथ में चोट लगी। दुर्घटना के बाद साथियों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद घायल के परिजनों द्वारा उपचार में व्यस्त रहने के कारण कुछ दिनों बाद थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर माजदा चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।






























