कोमाखान:ढाबे से लोहे का सामान ले जाते पकड़े गए आरोपी, मौके से हुए फरार

कोमाखान। थाना कोमाखान क्षेत्र के ग्राम केरामुडा स्थित आरके ढाबा में चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने ढाबे के पूर्व कर्मचारी सहित चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, केरामुडा निवासी अमजद खान मनिहार, जो पिछले सात वर्षों से आरके ढाबा में चौकीदार के रूप में कार्यरत हैं, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 30 जून 2026 की शाम करीब 6:30 बजे वह गांव में अपने निजी कार्य से गए थे। इसी दौरान उन्हें खेमराज साहू का फोन आया कि ढाबे के सेप्टिक टैंक के पास एक पिकअप वाहन खड़ा है और कुछ लोग सामान लोड कर रहे हैं।
सूचना मिलने पर अमजद खान और खेमराज साहू तत्काल मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि पिकअप वाहन क्रमांक CG 06 HE 4653 में रामेश्वर अहिर अपने तीन अन्य साथियों के साथ ढाबे के परिसर में रखे जनरेटर, लोहे का प्लाउ (नागर) तथा जाली तार वाहन में लोड कर रहे थे। दोनों को आते देख आरोपी वाहन लेकर मौके से फरार हो गए।
शिकायतकर्ता ने बताया कि रामेश्वर अहिर पहले आरके ढाबा में वेटर के रूप में काम कर चुका है, इसलिए वह उसे पहचानता है। घटना की जानकारी ढाबा संचालक शेख करीम खान को देने और उनसे सलाह-मशविरा करने के बाद 6 जुलाई को थाना कोमाखान में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश एवं मामले की जांच शुरू कर दी है।































