सरायपाली:सब स्टेशन में ऑपरेटर से मारपीट जानिए मामला

सरायपाली। ग्राम नवरंगपुर स्थित 33/11 केवी बिजली सब स्टेशन में ड्यूटी के दौरान ऑपरेटर के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने खगेश्वर साहू, राजेश साहू, केशव साहू एवं खीरसाय साहू के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे बिजली बंद होने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि खगेश्वर साहू ने पहले ऑपरेटर के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ सब स्टेशन पहुंचा और कर्मचारी के साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की। सब स्टेशन के कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे चारों आरोपी दोबारा सब स्टेशन पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने तथा नौकरी से निकलवाने की धमकी देने लगे। आरोप है कि मारपीट के दौरान राजेश साहू ने पत्थर से सिर पर वार करने का प्रयास किया, लेकिन बचाव करने के दौरान पत्थर कर्मचारी के बाएं कंधे पर लगा, जिससे उसे चोट आई।
घटना की जानकारी सब स्टेशन के जेई को भी दी गई। इसके बाद कर्मचारी ने 6 अक्टूबर को थाना सिंघोड़ा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।





























