सरायपाली:वॉलीबॉल में तेजराज का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

सरायपाली। शासकीय राजीव गांधी महाविद्यालय, सिमगा में 5 अक्टूबर 2026 को वॉलीबॉल पुरुष वर्ग की सेक्टर स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में स्वर्गीय वीरेंद्र बहादुर सिंह स्नातकोत्तर शासकीय महाविद्यालय, सरायपाली, जिला महासमुंद की पुरुष वॉलीबॉल टीम ने हिस्सा लिया।
महाविद्यालय की टीम में योगेश साहू, तेजराज, रमेश पटेल, कुलदीप, प्रशांत, तेजराज भोई, गगन, विद्यादेव, नीलांबर एवं नितिश भोई ने सहभागिता की। प्रतियोगिता में तेजराज भोई (कक्षा DCA) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसके आधार पर उनका चयन राज्य स्तरीय वॉलीबॉल पुरुष वर्ग प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
तेजराज भोई के चयन पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. संध्या भोई, क्रीड़ा प्रभारी राजकिशोर पटेल, क्रीड़ाधिकारी रूपा ध्रुव, प्रबंधक दीपक कुमार सहित समस्त स्टाफ ने उन्हें बधाई देते हुए आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।





























