महासमुंद:सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत का त्वरित निराकरण, आवेदक को मिला ड्राइविंग लाइसेंस

महासमुंद। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निराकरण की दिशा में जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में ड्राइविंग लाइसेंस जारी नहीं होने संबंधी शिकायत का त्वरित समाधान कर आवेदक को लाइसेंस उपलब्ध कराया गया।
जानकारी के अनुसार, आवेदक श्री चैतराम बंजारा ने ड्राइविंग लाइसेंस जारी नहीं होने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन 1076 में दर्ज कराई थी। शिकायत प्राप्त होने के बाद जिला परिवहन अधिकारी द्वारा मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की गई। इसके पश्चात आवेदक को ड्राइविंग लाइसेंस जारी कर प्रदान किया गया। सेवा प्राप्त होने पर श्री बंजारा ने संतुष्टि व्यक्त करते हुए सकारात्मक फीडबैक दर्ज कराया तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला प्रशासन ने बताया कि इसी प्रकार अन्य 32 शिकायतों का भी त्वरित निराकरण किया गया है। जिले से अब तक सीएम हेल्पलाइन 1076 में 1,143 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 352 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। शेष मामलों में संबंधित आवेदकों से फीडबैक प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है। वहीं 15 आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए द्वितीय स्तर के अधिकारियों को भेजा गया है।
कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों से अपनी लॉगिन आईडी का नियमित अवलोकन करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायतों का समाधान करने को कहा है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से प्रदेश के नागरिक अपनी शिकायतें दर्ज कराने के साथ-साथ सुझाव एवं विभिन्न योजनाओं और सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी दे सकते हैं। हेल्पलाइन को व्हाट्सएप प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा गया है, जिससे नागरिक आसानी से अपनी बात शासन तक पहुंचा सकते हैं। यदि शिकायतकर्ता समाधान से संतुष्ट नहीं होता, तो मामला स्वतः उच्च अधिकारियों के पास पुनः परीक्षण एवं जांच के लिए भेज दिया जाता है। यह व्यवस्था 24 घंटे एवं सप्ताह के सातों दिन संचालित रहती है।































