महासमुंद:बजरंग चौक पर युवक से मारपीट, बांस के डंडे से सिर पर किया वार

महासमुंद। परसकोल निवासी लकेश्वर ध्रुव ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 सितंबर की रात करीब 9 बजे वह अपने दोस्तों यश कुमार निषाद और विकास ध्रुव के साथ सतनामी पारा से सामान लेकर गणेश पंडाल की ओर जा रहा था। बजरंग चौक के पास दिलीप साहू ने उसे अपने पास बुलाया और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगा। गाली देने से मना करने पर दिलीप ने हाथ-मुक्के से मारपीट की। इसी दौरान वहां मौजूद सोमेश साहू ने भी गाली देते हुए जान से खत्म करने की धमकी दी और बांस के डंडे से लकेश्वर के सिर पर वार कर दिया। चोट लगने से वह मौके पर बेहोश हो गया।
घटना में लकेश्वर के सिर और बाईं आंख के पास चोट आई। उसके दोस्तों ने बीच-बचाव कर उसे शासकीय अस्पताल महासमुंद में भर्ती कराया। उपचार के बाद 18 सितंबर को थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






























