महासमुंद:स्कूटी को कार ने पीछे से मारी टक्कर, चालक घायल

महासमुंद। बीटीआई गार्डन के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ धारा 125(ए) एवं 281 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मोखा थाना कोमाखान निवासी शिकायतकर्ता अपने चाचा घनश्याम चंद्राकर के साथ महासमुंद के बीटीआई गार्डन स्थित उनके घर में रहता है और महामाया मंदिर नीलकंठ चौक के पास स्थित श्रीजय शंकर मेडिकल स्टोर्स में काम करता है। 21 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे घनश्याम चंद्राकर अपनी बजाज चेतक स्कूटी क्रमांक CG04 RB7569 से खाना खाने के लिए घर जा रहे थे। इसी दौरान बीटीआई गार्डन के पास पीछे से आ रही मारुति स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG04 FZ3986 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में स्कूटी से गिरने के कारण घनश्याम चंद्राकर के सिर और कमर में चोट आई। प्रत्यक्षदर्शी दिलीप चंद्राकर एवं हरिश चंद्राकर ने घटना देखी। घायल को महेंद्र साहू कार से आदित्य अस्पताल महासमुंद ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर स्थित ग्लोबल स्टार अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनका उपचार जारी है। इलाज में व्यस्त होने के कारण परिजनों ने 23 सितंबर को थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






























