पिरदा महाविद्यालय में मनाया गया राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस

पिरदा। शासकीय नवीन महाविद्यालय पिरदा में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का स्थापना दिवस प्राचार्य डॉ. ए.एल. पटेल के मार्गदर्शन एवं कार्यक्रम अधिकारी मकरध्वज राणा के निर्देशन में मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को NSS के उद्देश्यों, गतिविधियों एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के आदर्श व्यक्तित्व स्वामी विवेकानंद के पूजन-अर्चन से हुई। बीए पांचवें सेमेस्टर की छात्रा सुष्मिता मेहेर ने सरस्वती वंदना तथा बीएससी पांचवें सेमेस्टर की छात्रा बबली पटेल ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। स्वयंसेवक विद्यार्थियों गंगा शेष, धीरज शास्त्री एवं सोमदत्त पटेल ने अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम अधिकारी मकरध्वज राणा ने राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। हिंदी के सहायक प्राध्यापक डॉ. अंकित भोई ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को NSS से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए स्वयंसेवक के कर्तव्यों एवं व्यक्तित्व विकास में इसकी भूमिका बताई। उन्होंने अपने शिविर अनुभव साझा करते हुए NSS की दैनिक गतिविधियों एवं प्रतीक चिह्न के विभिन्न अर्थों की जानकारी दी।
प्राचार्य डॉ. ए.एल. पटेल ने विद्यार्थियों को समाज सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि NSS केवल सेवा कार्यों का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है।
इस अवसर पर बीएससी पांचवें सेमेस्टर की छात्रा गंगा शेष ने लक्ष्य गीत प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने समाज एवं राष्ट्रहित में सेवा कार्यों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में नवप्रवेशित स्वयंसेवकों को डायरी एवं बैज वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन बीएससी पांचवें सेमेस्टर की छात्रा मनीषा पटेल ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं NSS स्वयंसेवक उपस्थित रहे।






























