महासुमंद

महासमुंद:फर्जी ई-चालान ऑनलाइन स्कैम से रहें सावधान, परिवहन विभाग ने जारी की चेतावनी

महासमुंद। राज्य में आरटीओ ई-चालान से जुड़े ऑनलाइन ठगी के मामलों में वृद्धि को देखते हुए परिवहन विभाग ने आम नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी ई-चालान संदेश भेजकर लोगों को ट्रैफिक नियम उल्लंघन का भय दिखाते हैं और एक लिंक पर क्लिक करने के लिए प्रेरित करते हैं। इस प्रकार के लिंक के माध्यम से व्यक्तिगत जानकारी, बैंकिंग विवरण और खाते से धनराशि चोरी होने का खतरा रहता है।
परिवहन विभाग के अनुसार नागरिक किसी भी संदिग्ध लिंक, एप फाइल या व्यक्तिगत मोबाइल नंबर से प्राप्त ई-चालान संबंधी संदेशों पर भरोसा न करें और उनमें दिए गए लिंक पर क्लिक करने से बचें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक ई-चालान की जानकारी केवल आधिकारिक पोर्टल पर ही उपलब्ध होती है।
वाहन स्वामी अपने चालान की जांच के लिए परिवहन विभाग के अधिकृत ई-चालान पोर्टल पर जाकर “पे ऑनलाइन” विकल्प का चयन करें। इसके बाद चालान नंबर एवं कैप्चा कोड दर्ज कर “गेट डिटेल्स” पर क्लिक करें। मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के सत्यापन के बाद ही चालान संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
विभाग ने बताया कि पुलिस एवं परिवहन विभाग के प्रवर्तन अमले द्वारा जारी किए जाने वाले सभी ई-चालान संदेश केवल अधिकृत पोर्टल के माध्यम से पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ही भेजे जाते हैं। किसी भी अनधिकृत लिंक या संदिग्ध संदेश पर कार्रवाई करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।
परिवहन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अजनबी व्यक्ति को ऑनलाइन भुगतान न करें तथा बैंक खाते से जुड़े लेन-देन में विशेष सावधानी बरतें। किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश, लिंक या मोबाइल एप्लीकेशन की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना या साइबर सेल को दें, ताकि ऑनलाइन ठगी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!