तेदुकोना :पिता के साथ बेटे समेत चार लोगों ने की मारपीट, जान से मारने की धमकी मामला दर्ज

महासमुंद। जिले के तेन्दूकोना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोटादादर में पारिवारिक विवाद को लेकर एक बुजुर्ग किसान के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कोटादादर निवासी 68 वर्षीय फुलसिंग ध्रुव ने शिकायत दर्ज कराई है कि 19 जून 2026 की शाम करीब 6 बजे वह गांव के रंगमंच के सामने खड़े थे। इसी दौरान उनके पुत्र तीजराम ध्रुव सहित गांव के कौशिक ध्रुव, प्रेम ध्रुव एवं लोकनाथ ध्रुव वहां पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे।
शिकायतकर्ता के अनुसार चारों आरोपियों ने एक राय होकर उनके साथ मारपीट की। तीजराम ध्रुव एवं कौशिक ध्रुव ने हाथ-थप्पड़ से हमला किया, जबकि प्रेम ध्रुव ने लोहे की छड़ से वार किया, जिससे उनके पैर की उंगली में चोट आई और खून निकलने लगा। वहीं लोकनाथ ध्रुव ने हाथ में पहने कड़े से हमला किया, जिससे उनकी दाढ़ी के पास चोट लग गई। आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना का प्रत्यक्षदर्शी शिकायतकर्ता की पत्नी तुलसा बाई ध्रुव एवं नाती महेन्द्र ध्रुव को बताया गया है, जिन्होंने बीच-बचाव किया। घटना की शिकायत पर तेन्दूकोना थाना पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






























