खाद की कालाबाजारी पर प्रशासन का शिकंजा, निजी गोदाम से उर्वरक जब्त

खरीफ सीजन को देखते हुए जिले में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उर्वरकों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में खरसिया तहसील के ग्राम हालाहुली स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति का राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पीओएस मशीन में दर्ज रिकॉर्ड और गोदाम में उपलब्ध खाद के भौतिक स्टॉक का मिलान किया गया, जो सही पाया गया। हालांकि जांच में एक गंभीर अनियमितता सामने आई। समिति के खाद का भंडारण निर्धारित गोदाम के बजाय एक निजी गोदाम में अवैध रूप से किया जा रहा था।
संयुक्त जांच दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निजी गोदाम में रखे संपूर्ण उर्वरक को जब्त कर लिया। जब्त खाद को आगामी आदेश तक समिति प्रबंधक की सुपुर्दगी में रखा गया है। मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है।
कलेक्टर के निर्देश पर जिले में उर्वरक निगरानी के लिए विशेष फ्लाइंग स्क्वॉड गठित किए गए हैं। एसडीएम एवं तहसीलदारों को खाद भंडारण और वितरण व्यवस्था पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी तीन दिनों तक विशेष अभियान चलाकर सभी भंडारण केंद्रों एवं निजी प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी। अवैध भंडारण या कालाबाजारी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।































