कोमाखान:सुवरमाल मोड़ पर पिकअप-बाइक की भिड़ंत, एक घायल

कोमाखान। थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल हो गया। घटना 4 जून की बताई जा रही है, जिसकी रिपोर्ट 6 जून को थाना कोमाखान में दर्ज कराई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम देवरी निवासी खेलसिंग निषाद अपनी दिवंगत बुआ के दशगात्र कार्यक्रम के लिए आवश्यक राशन सामग्री खरीदने अपने जीजा राजकुमार निषाद के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GX 6211 से कोमाखान गए थे। सामान खरीदकर वापस लौटते समय सुवरमाल मोड़ के पास सामने से आ रही पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 NB 9944 के चालक ने कथित रूप से तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक के पीछे बैठे राजकुमार निषाद के सिर, कमर और पैर में चोटें आईं, वहीं मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। घायल को डायल-112 की सहायता से पहले बागबाहरा अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल महासमुंद रेफर किया गया। वर्तमान में घायल का उपचार जारी है।
प्रार्थी खेलसिंग निषाद की शिकायत पर थाना कोमाखान पुलिस ने पिकअप चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 एवं 125(ए) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।





























