तेदुकोना:रात में घर में घुसे दो युवक, महिला को डंडे से पीटा

तेदुकोना। ग्राम बेलडीह चौकी बुंदेली में एक महिला के साथ घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बेलडीह निवासी सुषमा यादव ने पुलिस को बताया कि 4 जून 2026 की रात करीब 10 बजे वह अपने पति त्रिलोचन यादव के साथ घर में मौजूद थी। इसी दौरान गांव के बनमाली यादव और धनमाली यादव उनके घर में घुस आए और एक बोरी धान ले जाने की बात को लेकर विवाद करने लगे। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए सुषमा यादव के साथ मारपीट की।
पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने अपने साथ लाए डंडे से हमला किया, जिससे उसके सिर में सूजन आ गई तथा पीठ और दाहिने हाथ में चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर उसके पति त्रिलोचन यादव ने बीच-बचाव किया। इसके बाद आरोपी जाते-जाते जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए।
घटना की शिकायत पर पुलिस ने बनमाली यादव एवं धनमाली यादव के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 333, 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
































