सरायपाली:शराब के नशे में जमीन मांगने पहुंचा बेटा, माता-पिता से की मारपीट

सरायपाली। थाना क्षेत्र के ग्राम मोहनमुड़ा में जमीन बंटवारे के विवाद को लेकर बेटे और बहू द्वारा वृद्ध माता-पिता के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मोहनमुड़ा निवासी एक किसान ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका छोटा पुत्र सेत कुमार पटेल अपनी पत्नी मीनाक्षी पटेल के साथ अलग रहता है। आरोप है कि वह अक्सर शराब के नशे में जमीन का बंटवारा करने की मांग को लेकर विवाद करता रहता है।
शिकायतकर्ता के अनुसार 4 जून 2026 की रात लगभग 10 बजे वह अपने घर की परछी में बैठा था। इसी दौरान उसका पुत्र सेत कुमार पटेल वहां पहुंचा और खेती की जमीन का बंटवारा करने की मांग करते हुए विवाद करने लगा। समझाने का प्रयास करने पर उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची शिकायतकर्ता की पत्नी रामकुंवर पटेल के साथ भी कथित रूप से सेत कुमार पटेल और उसकी पत्नी मीनाक्षी पटेल ने गाली-गलौज कर मारपीट की। मारपीट में दोनों पति-पत्नी को हाथ, पैर, मुंह एवं शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
घटना को परिवार की सदस्य दिलेश्वरी पटेल एवं छबिराम पटेल ने देखा तथा बीच-बचाव किया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
































