महांसमुद : जमीन रजिस्ट्री छुट्टी के दिन भी जारी रहा

जमीन रजिस्ट्री शनिवार को अवकाश के दिन भी हुआ। जिला मुख्यालय स्थित पंजीयन कार्यालय में शनिवार को 3 रजिस्ट्री हुई।
सरकार ने पंजीयन को लेकर अवकाश के दिन भी रजिस्ट्री के निर्देश दिए हैं ताकि मार्च महीने में रजिस्ट्री कराने वालों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। शासकीय अवकाश होने के कारण रजिस्ट्री नहीं हो पाती है। इस कारण 31 मार्च तक छुट्टी के दिनों में भी कार्यालय खुला रहेगा। लिहाजा कल शनिवार को दफ्तर खुला था। लेकिन पहले की भांति दफ्तर में भीड़ नहीं थी। जिसे पहले से ही रजिस्ट्री के लिए स्लॉट मिला था वही रजिस्ट्री कराने पहुंचे थे।
मिली जानकारी के अनुसार होली पर्व के बाद आने वाले दिनों में छुट्टी के दिन भी पंजीयन के लिए स्लॉट दिया जाएगा। मालूम हो कि वित्तीय वर्ष 2021-22 की समाप्ति में अब गिनती के ही दिन शेष रहे गए हैं। ऐसे में जमीन रजिस्ट्री से इस साल का लक्ष्य हासिल करने विभाग जुटा हुआ है। जमीन की रजिस्ट्री की रफ्तार को देखते हुए शासन ने इस साल निर्धारित लक्ष्य से 1.20 करोड़ रुपए राजस्व बढ़ा दिया है। पहले 36 करोड़ रुपए का लक्ष्य था। अब बढक़र यह राशि 37.20 करोड़ हो गई है। अभी तक पूर्व लक्ष्य के अनुसार 34.73 करोड़ रुपए का राजस्व शासन को मिल गया है। लक्ष्य को पूरा करने के लिए मात्र एक करोड़ 27 लाख रुपए ही शेष थे।
























