सरायपाली : ओडिशा से आ रहे ट्रक से 19.49 क्विंटल कबाड़ जब्त

जिले में नए एसपी के चार्ज लेते ही अवैध कारोबार पर नकेल कसाना शुरू हो गया है। शराब, गांजा व कबाड़ के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। सिंघोड़ा पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 19.49 क्विंटल कबाड़ जब्त किया है। वहीं ट्रक के आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों पर नजर रखते हुए सभी थाना व चौकी प्रभारियों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। इसी तारतम्य में बुधवार को मुखबिर की सूचना पर सिंघोड़ा पुलिस व साइबर की संयुक्ट टीम ने एनएच-53 रोड छुईपाली के पास तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक सीजी 04 डीएम 2081 को रोककर पूछताछ की। ट्रक का चालक आदर्श पारा बरगढ जिला बरगढ ओडिशा निवासी राजाराम मिश्रा पिता जगदीश मिश्रा (32) से पूछताछ करने पर संतोषप्रद जवाब नहीं दिया तो ट्रक की तलाशी ली।
इस दौरान टीम को लोहे का स्क्रेब कबाड, मोटर साइकिल एवं अन्य वाहनों के पुराने आटो पार्ट्स कबाड़ी सामान भरा हुआ मिला। टीम ने उक्त सामान के संबंध में चालक को दस्तावेज पेश करने को कहा तो, कागजात पेश नहीं कर पाया। टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर लिया। ट्रक से 19.49 क्विंटल कबाड़ कीमती 8,00,000 रुपए को जब्त किया है।

























