सरायपाली : शोरूम की तरह आभास होता है थाना परिसर सिंघोड़ा में पड़ी हुई जब्त गाड़ियां

कई लग्जरी गाड़ियों के साथ किसी पार्किंग की तरह दिख रहा यह स्थान किसी वाहन का शोरूम नहीं, बल्कि सरायपाली क्षेत्र का एक पुलिस थाना है, जहां अवैध कार्यों में लिप्त वाहन पकड़ में आने के बाद उन्हें थाना परिसर में ही रखा गया है। कोर्ट में केस समाप्ति के बाद वाहन मालिक इन वाहनों को छुड़ाकर ले जाते हैं, लेकिन कई वाहन ऐसे ही पड़े रहते हैं, जो धीरे धीरे कबाड़ की शक्ल में भी तब्दील हो जाते हैं।
सरायपाली के अंतिम छोर पर ओडिशा सीमा के पास स्थित थाना सिंघोड़ा में ऐसे कई वाहन रखे हुए हैं, जिन्हें देखकर किसी वाहन के शोरूम का आभास होता है। यहां लगभग 50 वाहन पड़े हुए हैं, जो किसी न किसी अवैध कार्यों के दौरान उपयोग किए जाने के बाद उन्हें जब्त कर थाना में रखा गया है। ज्ञात हो कि ओडिशा की ओर से गांजा लेकर आने वाले कई तस्कर यहां सीमा पर ही पकड़े जाते हैं और गांजा सहित उनके वाहनों को जब्त कर लिया जाता है। गांजा पकड़ने के सबसे अधिक मामले सिंघोड़ा थाना में ही सामने आते हैं। पुलिस की मुस्तैदी के कारण ये तस्कर राज्य की सीमा में प्रवेश करने से पहले ही पकड़े जाते हैं।
सिंघोड़ा थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि यहां थाना परिसर में दर्जनों कार खड़े हैं, जिसमें से अधिकांश गांजा तस्करों के हैं। जब भी वाहन मालिक कोर्ट से ऑर्डर लेकर आएंगे तभी वे गाड़ियों को छुड़ाकर ले जा सकेंगे, नहीं तो यहीं कबाड़ की तरह पड़ा रहेगा।

























