अवैध वसूली की शिकायत के बाद दो सिपाही लाईन अटैज

सुपेला थाना अंतर्गत स्मृति नगर चौकी में पदस्थ दो सिपाहियों को एसएसपी ने लाइन अटैच किया है। इन दोनों सिपाहियों के खिलाफ काफी दिनों से अवैध वसूली करने की शिकायत मिल रही थी। जांच में सही पाए जाने पर इनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। जिन दो सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है उसमें 16 जनवरी की रात चाकूबाजी में घायल हुए सिपाही सविंदर सिंह का नाम भी शामिल है।
दुर्ग एसएसपी बीएन मीणा ने गुरुवार को आदेश जारी करते हुए कोई स्पष्ट कारण नहीं लिखा है। उन्होंने स्मृति नगर चौकी में पदस्थ सिपाही सविंदर सिंह और विवेक सिंह को प्रशासनिक कारणों के चलते पुलिस लाइन दुर्ग में अटैच किया है। हालांकि पुलिस विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दोनों सिपाहियों के खिलाफ लगातार अवैध वसूली की शिकायत मिल रही थी। इसको लेकर उन्हें चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन उनकी आदत में कोई सुधार नहीं आया है। इसके चलते जांच में जब उनका आरोप सही पाया गया तो यह कार्रवाई की गई।
कई थानों में वसूली सिपाही थाना प्रभारियों के खास
एसएसपी बीएन मीणा ने भले ही जांच में आरोप सही पाए जाने पर सिपाहियों को सजा दी हो, लेकिन जिले के कई थानों में इसी तरह के वसूली सिपाही खुलेआम अपनी पहुंच के बल टीआई के खास बने हुए हैं। छावनी, पुरानी भिलाई थाना, जामुल, सुपेला और दुर्ग कोतवाली जैसे कई थानों में ऐसे सिपाही न सिर्फ टीआई के खास हैं, बल्कि थाना क्षेत्र चल में रहे गैरकानूनी कार्यों की वसूली भी वही करते हैं। इसके साथ ही उन्हें पुलिस पेट्रोलिंग की भी जिम्मेदारी दी जाती है।























