आकर्षण का केंद्र बना झुंझ झरना, अव्यवस्थाओं के बीच पिकनिक मनाने जुट रही पर्यटकों की भीड़

स्थानीय कस्बे के पास स्थित झुंझ झरना इन दिनाें आकर्षक का केंद्र बना हुआ है। यहां हर रोज बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ पिकनिक मनाने पहुंच रहे हैं। समाजिक कार्यकर्ता कन्हाई राम बंजारा ने इसे विकसित करने व सुविधाएं बढ़ाने की मांग जिला प्रशासन से की है, ताकि जिले व दूरदराज से पहुंच रहे पर्यटकों यहां पर्याप्त सुविधा मिल सके।
यह झरना सरगुजा जिला के उदयपुर ब्लॉक से 15 किलोमीटर दूर बसे ग्राम खरसुरा से एक किमी दूर वनांचल क्षेत्र में एकमात्र पर्यटन स्थल के रूप में विख्यात है। यहां चारों तरफ पहाड़ से घिरा हुआ झरना है, जिसमें 100 फीट ऊंचाई से पानी का गिरना लोगों को आकर्षित करता है। लाेगाें ने इसे झुंझ झरना का नाम दिया है। इसकी खूबसूरती सोशल मीडिया के माध्यम लोगों तक पहुंचने के बाद यहांं पर्यटकों की भीड़ बढ़ने लगी है, लेकिन प्रशासनिक उपेक्षा से यह स्थान पर्यटन स्थल के रूप में अब तक विकसित नहीं हो सका है। यहां पहुंचने के लिए मिट्टी व मुरुम से कच्चा रास्ता तैयार किया गया है, जो ऊबड़-खाबड़ है।
यहां स्थित गोठान से करीब 500 मीटर दूर झरने तक पहुंचने के लिए पथरीले रास्ते से होकर गुजरना हाेता है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग झरने के चारों ओर रेलिंग लगाकर हादसों को रोक सकते हैं। ग्रामीणों ने झुंझ झरना में स्थानीय जनप्रतिनिधियाें के साथ विभागीय अधिकारियों को भी जानकारी दी गई, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी यहां की अव्यवस्थाएं दूर नहीं हुई हैं। विभाग की ओर से भी इसके प्रचार-प्रसार काे बोर्ड भी नहीं लगाया गया है।
























