
रामकुमार नायक,रायपुर। स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन के अनूठे संयोग के बीच आज रायपुर पुलिस का अनूठा #harheadhelmet अभियान भी पूरे शवाब पर दिखा। कहीं जरूरतमंदों को हेलमेट बांटा गया, तो कहीं बहनों ने भाई की हिफाज़त के लिए तोहफे में हेलमेट दिया। SSP आरिफ शेख की ये मुहिम अब जंन जागरण का रूप लेती दिखने लगी है।
#HarHeadHelmet अभियान के तहत आज जरूरतमंद लोगो को हेलमेट बांटा गया। इस अभियान में आज की खास बात ये रही कि व्यापारी, कॉरपोरेट, स्वयंसेवी संगठन और आम लोगों ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और अपने अपने स्तर से योगदान दिया। यह अभियान आज रायपुर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चलाया जा रहा है।

रायपुर पुलिस के हर सर हेलमेट अभियान को अब रायपुर में व्यापक समर्थन मिल रहा है। इस मुहिम को सफल बनाने स्वयंसेवी संगठन, व्यापारी संगठन एवं अन्य संस्थानों द्वारा लगातार सहयोग किया जा रहा है। आज शहर के सभी थानों में लगभग 15 हजार हेलमेट का वितरण किया जाएगा। ”हर हेड हेलमेट” अभियान के तहत रक्षा बंधन में कई भाइयों और बहनों ने एक दूसरे को हेलमेट देकर सेल्फी भी खिंचाई। ऐसे भाई-बहनों को राजधानी पुलिस द्वारा आज पुरस्कृत भी किया गया।
रायपुर के महादेव घाट रोड स्थित “ओम हॉस्पिटल” के संचालक डॉ. कमलेश अग्रवाल एवं रायपुर पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में जरूरतमंदों को हेलमेट वितरित एवं हेलमेट पहनने की हिदायत दिया गया। डॉ. कमलेश अग्रवाल ने बड़ी दुर्घटना से बचने का श्रेय हेलमेट को देते हुए कहा कि सभी लोगों को वाहन चलाते वक्त हेलमेट पहनना चाहिए।

अभियान का मुख्य उद्देश्य राजधानी रायपुर की यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित करना है, ताकि सफर और सवारी दोनों सुरक्षित रह सके। हेलमेट वितरण के दौरान राजधानी पुलिस को वाहन मालिकों ने धन्यवाद किया।


























