सुविधाएं बड़ी अस्पतालों की तरह और सेवा भी निशुल्क सलाम अग्रसेन धाम कोविड केयर सेटर को

रायपुर( काकाखबरीलाल). कोरोना महामारी के कहर के इस कठिन समय में जहां निजी अस्पतालों की लूट खसोट चर्चा का विषय बनी हुई है, वहीं एक संस्था खामोशी से कोरोना पेशेंट्स का निशुल्क इलाज करने में लगी हुई है। जी हां हम बात कर रहे हैं अग्रसेन धाम कोविड केयर सेंटर की जहां 200 बिस्तर का केयर सेंटर बनाया गया है, जिसमें 40 ऑक्सीजन बेड शामिल हैं। अग्रसेन धाम में कोरोना मरीजों की सेवा का संकल्प लिया अग्रवाल समाज ने और समाज के अध्यक्ष नवल अग्रवाल और उनकी टीम ने तत्काल उस पर काम करना भी शुरू कर दिया। देखते ही देखते 200 बिस्तर का कोविड केयर सेंटर तैयार हुआ और डॉक्टर कमलेश्वर अग्रवाल की देखरेख में उसे शुरू भी कर दिया गया। 6 डॉक्टरों और कुल 40 लोगों की टीम के साथ डॉ कमलेश्वर दिन रात कोरोना पेशेंट की सेवा में लगे हुए हैं। हैरानी की बात यह है की सुविधाएं यहां अन्य बड़े बड़े अस्पतालों की तुलना में कहीं ज्यादा है और बेहतर भी लेकिन आप शुल्क पूछेंगे तो हैरान रह जाएंगे। यहां सब कुछ निशुल्क है। खाली हाथ जाइए इलाज कराइए और ठीक होकर दुआएं देते हुए वापस आ जाइए। कहने को तो राजधानी में बड़े बड़े अस्पताल हैं और वहां सारी सुविधाएं उपलब्ध है लेकिन आईसीएमआर के प्रोटोकॉल के मुताबिक सिर्फ एम्स में ही चार बार नाश्ता और दो बार भोजन दिया जा रहा है। उसी प्रोटोकॉल का अग्रसेन कोविड केयर सेंटर में भी पालन किया जा रहा है। चार बार नाश्ते में दो बार फ्रूट जूस दूध और काढ़ा भी शामिल है। इसके अलावा दो बार हाई प्रोटीन युक्त भोजन भी दिया जाता है। ऐसा इसलिए किया जाता है कि कोरोना के पेशेंट को भूख नहीं लगती और उसके मुंह का स्वाद भी खत्म हो जाता है। इसलिए थोड़ा-थोड़ा करके बार-बार नाश्ता और भोजन दिया जाता है ताकि पेशेंट को जरूरी ऊर्जा मिलती रहे। अग्रसेन कोविड सेंटर की एक खास बात और है यहां दो की बजाय चार राउंड होते हैं जिसमें डॉक्टरों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ भी शामिल रहता है। ऐसा बताया जाता है कि बाकी जगह सिर्फ दो राउंड ही होते हैं। लेकिन यहां चार राउंड होते हैं। उसके पीछे भी एक कारण है कि हर बार नई पीपीई किट का इस्तेमाल करना करना पड़ता है और हर बार नई किट का इस्तेमाल खर्च बढ़ा देता है। सफाई भी यहां दो की बजाय चार बार होती है। कुल मिलाकर कहा जाए तो सुविधाओं में अग्रसेन धाम का अग्रसेन कोविड सेंटर बड़े-बड़े पांच सितारा अस्पतालों से ज्यादा बेहतर है और सेवा उनसे कई गुना ज्यादा अच्छी। और सबसे बड़ी बात कहां लूट खसोट की बातें और कहां निशुल्क सेवाएं। आपदा को अवसर बनाने वाले ऐसे बेहद कठिन दौर में ऐसी सेवा देखने को बहुत ही कम मिलती है। इसलिए अग्रसेन कोविड सेंटर में कोरोना पेशेंट की सेवा में लगे सभी कोरोना वारियर्स और अग्रवाल समाज के सभी जिम्मेदार लोगों को सौ सौ सलाम।सेवा देखना हो तो अग्रसेन कोविड सेंटर देख आइये।





























