महासमुंद : जमीन पर कब्जे की शिकायत की तो किसान परिवार को किया बहिष्कृत बात करने वालों पर 6000 रुपए का जुर्माना, दुकानदार नहीं दे रहे सामान

जिले में एक किसान परिवार का गांव वालाें ने बहिष्कार कर दिया। उसका हुक्का-पानी बंद हाे गया व दुकानदार ने राशन देना भी बंद कर दिया है। यहां तक कि अन्य गांव वालाें पर भी उनसे बात करने की पाबंदी लगा दी गई है। यदि कोई परिवार से बात करता है तो उसे 6000 रुपए जुर्माना भी अदा करने का फरमान सुना दिया है। वहीं स्कूल में सहपाठी भी उनके बच्चों से बात नहीं कर रहे हैं।बहिष्कार के बाद पीड़ित परिवार न्याय पाने की आस में अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। किसान का कहना है कि अधिकारियों से शिकायत के बावजूद परिवार को न्याय नहीं मिल मिलता दिखा रहा है। पखवाड़े भर से ज्यादा वक्त से यह परिवार मूलभूत आवश्यकताओं के लिए भी जूझ रहा है।
पीड़ित किसान दंपत्ति लेखराम साहू और ठनेश्वरी साहू ने बताया कि वे बागबहरा तहसील, चौकी टूहलु, थाना कामाखान अंतर्गत कछारडीह गांव के रहने वाले हैं। उनका 4 बच्चों सहित 6 लोगों का परिवार है। कछारडीह में ठनेश्वरी साहू के नाम पर खसरा नंबर 25 रकबा 2 एकड़ 7 डिसमिल जमीन राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज है। उक्त जमीन पर गांव के लकेश साहू पिता मोहन साहू ने जबरन कब्जा कर मकान बना लिया है। इसकी शिकायत उन्हाेंने चौकी टूहलु थाना कामाखान में 21 अक्टूबर को की मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कलेक्टर और एसपी से शिकायत पर राहत नहीं
भास्कर कार्यालय पहुंचे पीड़ित परिवार ने बताया कि उन्हाेंने 2 सितंबर को कलेक्टर और एसपी काे गांव में उनके साथ हो रहे अन्याय और प्रताड़ना से अवगत कराया था हालात जस के तस हैं।
गांव में मेरे खिलाफ बनाया जा रहा माहौल: लेखराम
पीड़ित किसान लेखराम साहू ने बताया कि गांव में उनके खिलाफ माहौल बनाने के लिए सरपंच की सह पर यह यह निर्धारित किया गया है कि उनके परिवार के किसी भी सदस्य से कोई बात करता है तो उसे 6 हजार रुपए जुर्माना भरना होगा। जिसके चलते उनके परिवार से गांव का कोई भी व्यक्ति बात करने को तैयार नहीं है। साथ ही दुकानदार भी उन्हें सामान देने से मना कर रहा है।
आलम यह है कि स्कूल में उनके बच्चों के साथ पढ़ने वाले सहपाठी भी उनसे बात नहीं कर रहे। किसान परिवार के मुताबिक उनके परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है। इस संबंध में चौकी टूहलु थाना कामाखान में शिकायत का भी कोई असर नहीं हुआ और उनकी जमीन पर जबरन निर्माण कार्य जारी है।
मेरे पास शिकायत की काॅपी नहीं पहुंची: चौकी प्रभारी
इस संबंध में चौकी टूहलु के प्रभारी राम भजन सिन्हा ने कहा कि अब तक उनके पास शिकायत की कॉपी नहीं पहुंची है। यदि पीड़ित परिवार ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की है तो उनके निर्देशानुसार कार्रवाई की जाएगी।
























