महासमुंद:ढाबे में शराब के नशे में युवक से मारपीट, चार लोगों पर मामला दर्ज

महासमुंद। जिले के घोड़ारी स्थित बिट्टी ढाबा में शराब के नशे में एक युवक के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम परसवानी निवासी पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह कक्षा 8वीं तक शिक्षित है और राजमिस्त्री का कार्य करता है। घटना के दिन वह अपने भांजे जितेश्वर साहू निवासी अछरीडीह के साथ नदी मोड़ घोड़ारी स्थित एक भट्ठी में शराब पीने के बाद दोपहर करीब 1:30 बजे बिट्टी ढाबा घोड़ारी में भोजन करने गया था।
पीड़ित के अनुसार ढाबे में पहले से मौजूद सूरज बघेल निवासी बेलसोंडा, राजेश सूर्यवंशी निवासी खरोरा तथा उनके दो अन्य साथी शराब के नशे में थे। आरोप है कि चारों ने बिना किसी कारण मां-बहन की अश्लील गालियां देना शुरू कर दिया। जब पीड़ित और उसके भांजे ने उन्हें ऐसा करने से मना किया तो आरोपी भड़क गए और एक राय होकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे।
शिकायत के अनुसार इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसके चेहरे पर चोटें आईं। मारपीट होते देख पीड़ित का भांजा जितेश्वर साहू डर के कारण ढाबे से भाग गया। घटना को ढाबे में मौजूद अन्य लोगों ने भी देखा और सुना।
पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।































