आज का दिन प्रदेशवासियों के लिए अहम, 6000 पंचायतों को मिलेगी मोबाइल कनेक्टिविटी: डॉ. रमन

न्यूज-रूपानंद सोई पिथौरा
प्रदेश की 6 हजार पंचायतों को इंटरनेट से जोड़ने की पहल पर केंद्र सरकार के दूर संचार विभाग और भारत ब्रॉड बैंड नेटवर्क,राज्य सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवम सूचना प्रौद्योगिकी विभाग तथा छत्तीसगढ़ इंफोटेक एवम बायोटेक प्रमोशन सोसायटी ( चिप्स ) के बीच महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम में मुख्य मंच पर केंद्रीय संचार राज्य मंत्री मनोज सिन्हा, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, सांसद रमेश बैस, सीएस विवेक ढांढ, समेत बीएसएनएल के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आज का दिन प्रदेशवासियों के लिए बहुत महत्वपूर्ण साबित होगा। इस एमओयू के लिए मैं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत केंद्रीय संचार मंत्री मनोज सिन्हा और अभी अधिकारी जो इसके लिए लगे हुए थे उन्हें बधाई देता हूं। सीएम ने कहा इस एमओयू से बहुत से फायदे होंगे। एमओयू के बाद 6000 पंचायतों से हम जुड़ जाएंगे। आज हम तीन योजना से एक साथ जुड़ेंगे पहला बस्तर नेट, दूसरा भारत नेट परियोजना और तीसरा सबसे महत्वपूर्ण स्काई से भी जुड़ेंगे क्योंकि हमें अब कनेक्टिविटी तो मिल जाएगी, लेकिन इसे रन करने के लिए बहुत मेहनत लगेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए आज यहां उपस्थित दूरसंचार विभाग के सभी अधिकारियो की सदस्यता में एक नई कमिटी हम बनाएंगें जिसमें चिप्स के सचिव प्रमुख होंगे।





























