पिथौरा: जमीन विवाद में युवक से मारपीट, डंडे व धारदार वस्तु से किया हमला

पिथौरा। ग्राम टोंगोपथरा में जमीन संबंधी पुराने विवाद को लेकर एक युवक के साथ उसके चाचा व अन्य व्यक्ति द्वारा गाली-गलौज कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में रविलाल बरिहा ने बताया कि 22 सितंबर की शाम करीब 5:15 बजे वह अपने दोस्तों के साथ सांकरा जोंक नदी से पिकनिक मनाकर वापस घर पहुंचा था। इसी दौरान उसके चाचा पाण्डव बरिहा एवं गोविंद बरिहा जमीन संबंधी पुराने विवाद को लेकर अश्लील गाली-गलौज करने लगे। गाली देने से मना करने पर दोनों ने डंडे एवं धारदार वस्तु से मारपीट शुरू कर दी तथा जान से मारने की धमकी दी।
मारपीट में रविलाल के सिर के पीछे, दोनों हाथ, कोहनी के ऊपर एवं पीठ में चोटें आईं तथा खून निकलने की बात शिकायत में कही गई है। घटना के दौरान उसकी पत्नी मीनाक्षी बरिहा, भाभी नीलम बरिहा, बहन बिन्दा बरिहा एवं बड़े पापा धनीराम बरिहा ने बीच-बचाव किया।
पुलिस ने मामले में धारा 115(2), 118(1), 296, 3(5) एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।






























