महासुमंद

अब डिजिटल माध्यम से होगी योजनाओं की जानकारी, महासमुंद में ‘नीति तारा’ लॉन्च

महासमुंद जिले में सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक डिजिटल माध्यम से पहुंचाने के लिए नीति आयोग की अत्याधुनिक ‘नीति तारा’ (टूलकिट फॉर एनालिसिस रिव्यू एंड एक्शन) प्रोजेक्टर डिवाइस का प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नीति आयोग की योजनाओं की जानकारी चिन्हांकित ग्रामों, आकांक्षी विकासखंडों और दूरस्थ क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद ने बताया कि ‘नीति तारा’ एक स्मार्ट डिजिटल प्रोजेक्शन डिवाइस है, जिसके माध्यम से नीति आयोग के पोर्टल, योजनाएं, वीडियो और प्रशिक्षण सामग्री को एक क्लिक पर प्रदर्शित किया जा सकता है। नीति आयोग के प्रशिक्षक विजय सोलंकी ने बताया कि महासमुंद जिले को दो डिवाइस उपलब्ध कराई गई हैं, जिन्हें महासमुंद और पिथौरा विकासखंड में उपयोग किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि डिवाइस में इन-बिल्ट स्पीकर, उच्च गुणवत्ता वाला प्रोजेक्शन सिस्टम और लगभग 300 इंच तक का डिस्प्ले उपलब्ध है। इंटरनेट के माध्यम से ऑनलाइन सामग्री के साथ-साथ ऑफलाइन कंटेंट भी प्रदर्शित किया जा सकता है। यह डिवाइस विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों, विद्यालयों, पंचायत भवनों, सामुदायिक सभाओं और जन-जागरूकता अभियानों के लिए तैयार की गई है।
इस पहल का उद्देश्य आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, कौशल विकास, वित्तीय समावेशन और आधारभूत सेवाओं से जुड़ी योजनाओं की जानकारी आमजन तक सरल और प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!