तुमगांव:दूसरे गांव में काम करने पर युवक को बेल्ट और मुक्कों से पीटा

तुमगांव।जिले के अछोली क्षेत्र में एक युवक के साथ काम करने को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित, जो पोकलेन ऑपरेटर का कार्य करता है, ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रार्थी के अनुसार, वह वर्तमान में ललित साहू के यहां पोकलेन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत है। 9 जून 2026 की रात करीब 9:30 बजे वह अपने परिचित चंदन देवदास के साथ झम्मन दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान ग्राम अछोली निवासी सूरज साहू और अश्वनी उर्फ बबलू बंजारे वहां पहुंचे और उससे पूछताछ करने लगे कि वह कहां काम करता है।
पीड़ित का आरोप है कि ललित साहू के यहां काम करने की बात बताने पर दोनों आरोपियों ने यह कहते हुए विवाद शुरू कर दिया कि वह दूसरे गांव का होकर उनके गांव में काम क्यों कर रहा है। इसके बाद दोनों ने कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। वहीं अश्वनी बंजारे द्वारा हाथ में पहने चूड़े एवं बेल्ट से भी हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है।
मारपीट में युवक के सिर, कंधे, होंठ और बाईं आंख के नीचे गाल में चोटें आई हैं। घटना के दौरान मौजूद चंदन देवदास ने बीच-बचाव किया। पीड़ित का कहना है कि जाते समय दोनों आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




























