बसना

बसना:उद्यानिकी खेती से बदली किसान दीपक की तस्वीर, करेला उत्पादन से कमाए 2.95 लाख रुपये

बसना। महासमुंद जिले के विकासखण्ड बसना अंतर्गत ग्राम बंसुलीडीह के प्रगतिशील किसान श्री दीपक ने पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर उद्यानिकी फसलों को अपनाते हुए अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि की है। राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना के अंतर्गत सब्जी क्षेत्र विस्तार कार्यक्रम से जुड़कर उन्होंने वर्ष 2025-26 में करेला की खेती शुरू की और सफलता की नई मिसाल पेश की।
स्नातकोत्तर शिक्षित किसान श्री दीपक के पास कुल 1.00 हेक्टेयर सिंचित कृषि भूमि है। उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में उन्होंने करेला उत्पादन में ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग एवं आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग किया। नवीन तकनीकों के प्रयोग से फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
श्री दीपक ने बताया कि पहले वे अपनी भूमि पर धान की खेती करते थे, जिससे उन्हें लगभग 42,300 रुपये का लाभ प्राप्त होता था। उद्यानिकी विभाग की योजनाओं से प्रेरित होकर उन्होंने करेला की खेती अपनाई। आधुनिक तकनीकों के उपयोग से उन्हें प्रति एकड़ लगभग 18 टन करेला उत्पादन प्राप्त हुआ। करेला का औसत बाजार मूल्य 30 रुपये प्रति किलोग्राम मिलने से उन्हें बेहतर आमदनी हुई।
उन्होंने अपने उत्पाद की बिक्री सरायपाली सहित पड़ोसी राज्य ओडिशा के विभिन्न बाजारों में की। इससे उन्हें लगभग 2.95 लाख रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ, जो पारंपरिक खेती की तुलना में कई गुना अधिक है।
श्री दीपक का कहना है कि उद्यानिकी खेती अपनाने से उनकी आर्थिक स्थिति में काफी सुधार हुआ है और परिवार का जीवन स्तर बेहतर हुआ है। वे नियमित रूप से उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों के संपर्क में रहकर नई तकनीकों एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त करते हैं तथा उनका लाभ उठा रहे हैं।
उनकी सफलता से प्रेरित होकर ग्राम बंसुलीडीह सहित आसपास के क्षेत्रों के अनेक किसान भी उद्यानिकी फसलों की खेती की ओर आकर्षित हो रहे हैं। यह सफलता कहानी किसानों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है और आधुनिक कृषि तकनीकों के महत्व को भी दर्शाती है।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!