वैज्ञानिक खेती अपनाकर सफलता की राह पर बढ़ रहे किसान अमन

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। विकासखंड गौरेला की ग्राम पंचायत लालपुर के प्रगतिशील किसान अमन प्रसाद खेती में आधुनिक तकनीकों और कृषि विभाग की सलाह का पालन कर बेहतर उत्पादन हासिल कर रहे हैं। लगभग 7 एकड़ 50 डिसमिल भूमि में खेती करने वाले अमन प्रसाद मुख्य फसलों के साथ-साथ अपनी बाड़ी में सब्जियों की खेती भी करते हैं, जिससे उनकी आय में अतिरिक्त बढ़ोतरी हो रही है।
अमन प्रसाद नियमित रूप से कृषि विभाग और सहकारी समिति द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का लाभ उठाते हैं। हाल ही में वे लालपुर सहकारी समिति से खाद एवं बीज प्राप्त करने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि उन्हें खेती के लिए आवश्यक गुणवत्तापूर्ण खाद और बीज पर्याप्त मात्रा में समय पर उपलब्ध हो गया, जिससे फसल की तैयारी सुचारु रूप से पूरी हो सकी।
उन्होंने समिति की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि खाद-बीज वितरण प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और व्यवस्थित है। किसानों को आवश्यक कृषि सामग्री आसानी से उपलब्ध हो रही है तथा उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। इससे किसानों के समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है।
अमन प्रसाद का कहना है कि समय पर गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध होने से खेती की लागत नियंत्रित रहती है और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलती है। उनकी सफलता इस बात का उदाहरण है कि यदि किसानों को आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध कराए जाएं, तो वे बेहतर उत्पादन के साथ अपनी आय में भी वृद्धि कर सकते हैं।
आज अमन प्रसाद न केवल अपनी खेती में बेहतर परिणाम प्राप्त कर रहे हैं, बल्कि क्षेत्र के अन्य किसानों को भी आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनकी मेहनत और जागरूकता ग्रामीण कृषि विकास की एक प्रेरणादायक मिसाल बन गई है।































